चुनाव आयोग और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्षी दलों का दबाव बढ़ता जा रहा है। INDIA ब्लॉक के दलों की 30 सितंबर को नई दिल्ली में बैठक होने की संभावना है। इस बैठक में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, SIR को लेकर उठे सवालों और विपक्ष की आगे की संयुक्त रणनीति पर चर्चा की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, विपक्षी दल पिछले कुछ समय से इस मुद्दे पर एक-दूसरे के संपर्क में हैं और चुनाव आयोग के खिलाफ संयुक्त प्रतिक्रिया तैयार करने पर विचार कर रहे हैं।
यह बैठक ऐसे समय प्रस्तावित है जब चुनाव आयोग के भीतर SIR से जुड़े फैसलों और आदेशों को लेकर कथित मतभेद की रिपोर्ट सामने आई है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने 10 महीने की अवधि में कम से कम 14 मौकों पर SIR से जुड़े फैसलों और आदेशों पर आपत्तियां दर्ज की थीं। रिपोर्ट में फॉर्म-6 में बदलाव, मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने और चुनावी डेटा के केंद्रीय प्रबंधन जैसे मुद्दों का जिक्र किया गया है। 
चुनाव आयोग ने इन आपत्तियों को संस्थागत टकराव या असहमति मानने से इनकार किया है। आयोग का कहना है कि बहु-सदस्यीय संवैधानिक संस्था में अलग-अलग राय, प्रशासनिक सुझाव और आंतरिक टिप्पणियां सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं तथा SIR से जुड़े अंतिम फैसले आमराय से लिए गए।

कांग्रेस की 29 सितंबर को CWC बैठक

INDIA ब्लॉक की संभावित बैठक से एक दिन पहले, 29 सितंबर को कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक होगी। इसमें SIR और चुनाव आयोग से जुड़े विवाद पर कांग्रेस की आगे की रणनीति तय की जाएगी। कांग्रेस पहले ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना हमला तेज कर चुकी है। CPI(M), CPI और CPI(ML)-लिबरेशन ने भी ज्ञानेश कुमार को हटाने और SIR को तत्काल रोकने की मांग की है।
इस पूरे विवाद ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक असामान्य स्थिति भी पैदा की है। राज्य में लंबे समय से आमने-सामने रहने वाली ममता बनर्जी की TMC और CPI(M) इस मुद्दे पर चुनाव आयोग के खिलाफ एक साझा रुख की ओर बढ़ती दिखाई दे रही हैं। CPI(M) महासचिव एमए बेबी ने INDIA ब्लॉक और अन्य विपक्षी नेताओं को बैठक के लिए पत्र लिखा था। इसके बाद उन्होंने ममता बनर्जी से भी बातचीत की। रिपोर्ट के मुताबिक, ममता ने भी मौजूदा स्थिति में समन्वित कार्रवाई की जरूरत से सहमति जताई।

ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए फिर महाभियोग की तैयारी

विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए एक और महाभियोग प्रस्ताव तैयार कर रहे हैं। इसे कानूनी विशेषज्ञों से जांच कराने के बाद संसद के दोनों सदनों में पेश किए जाने की संभावना है। यह विपक्ष की ओर से ऐसा तीसरा प्रयास होगा। इससे पहले 23 राजनीतिक दलों और एक निर्दलीय सांसद ने SIR तथा चुनाव से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर भारत के मुख्य न्यायाधीश से भी संयुक्त रूप से संपर्क किया था। इससे संकेत मिलता है कि SIR का मुद्दा अब केवल किसी एक राजनीतिक दल की आपत्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि विपक्षी दलों के बीच व्यापक समन्वय का विषय बन चुका है।

देशभर में कांग्रेस का प्रदर्शन, CEC के इस्तीफे की मांग

चुनाव आयोग को लेकर विवाद के बीच कांग्रेस ने 25 सितंबर को देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन किया। कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर राज्य इकाइयों ने चुनाव आयोग के कार्यालयों की ओर मार्च किया और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा उन्हें पद से हटाने की मांग की। प्रदर्शन जम्मू-कश्मीर, असम, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, मणिपुर और पश्चिम बंगाल समेत कई जगहों पर हुए। दिल्ली में कांग्रेस और यूथ कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शनों को देखते हुए पुलिस ने चुनाव आयोग के कार्यालय और जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा बढ़ाई। वहीं देश के दूसरे हिस्सों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के कार्यालयों के सामने प्रदर्शन किए। असम के गुवाहाटी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई को पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रदर्शन के दौरान गोगोई ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद नागरिकों के मतदान अधिकार और मतदाता सूची की सुरक्षा से जुड़ा है।

बीजेपी ने आरोपों को खारिज किया

इस पूरे विवाद पर बीजेपी CEC ज्ञानेश कुमार गुप्ता के बचाव में उतर पड़ी है। बीजेपी के सारे नेता ज्ञानेश के समर्थन में उतर पड़े हैं। बीजेपी ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया है। बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने SIR प्रक्रिया को कानूनी रूप से उचित बताया और कहा कि आयोग में फैसले बहुमत के आधार पर लिए जाते हैं। बीजेपी नेताओं का कहना है कि ज्ञानेश कुमार गुप्ता ने कुछ भी गलत नहीं किया। विपक्ष जब लगातार चुनाव हार रहा है तो हताशा में ऐसा कह रहा है।
Source - Satyahindi
What's your reaction?

TS Solanki

1 followers Dewas, Madhya Pradesh

Contributor at National Media Alliance

View all articles

comments (0)