इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में एक बड़े बिल्डर को धमकी मिलने का मामला सामने आया है। रेसकोर्स रोड स्थित उनके ऑफिस में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को कुख्यात गैंग से जुड़ा बताते हुए 5 करोड़ रुपए की मांग की और पैसे नहीं देने पर बिल्डर के बेटे को गोली मारने की धमकी दी।

जानकारी के मुताबिक, बिल्डर विवेक दम्मानी के ऑफिस में सुबह करीब 10:30 बजे यह कॉल आया था। कॉल को ऑफिस की एक महिला कर्मचारी ने रिसीव किया। फोन करने वाले ने बिना किसी झिझक के साफ शब्दों में कहा कि विवेक दम्मानी को बोल देना 5 करोड़ रुपये दे दें, नहीं तो उनके बेटे को कहीं भी गोली मरवा दी जाएगी।

शुरुआत में ऑफिस स्टाफ ने इसे किसी की शरारत समझा, लेकिन कुछ ही देर बाद उसी नंबर से एक वॉइस मैसेज आया। इस मैसेज में परिवार की सटीक लोकेशन का जिक्र किया गया जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह के मुताबिक शिकायतकर्ता इंदौर के व्यवसायी हैं और उन्हें कॉल व मैसेज के जरिए धमकी दी गई है। आरोपी ने खुद को ‘हैरी बॉक्सर’ बताते हुए बिश्नोई गैंग से जुड़ा होना बताया है।

वीपीएन के जरिए किया गया कॉल

पुलिस का कहना है कि, कॉल वीपीएन के जरिए किया गया है, जिससे आरोपी की लोकेशन ट्रेस करना थोड़ा मुश्किल हो रहा है। फिलहाल क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। साथ ही शिकायतकर्ता और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम भी किए गए हैं।

तुमची प्रतिक्रिया काय आहे?

TS Solanki

0 फॉलोअर्स Dewas, Madhya Pradesh

येथील योगदानकर्ता National Media Alliance

सर्व लेख पहा

टिप्पण्या (0)